निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ भाजपा का धनबाद नगर निगम गेट पर जोरदार धरना, चुनाव तिथि घोषित नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

👉निकाय चुनाव की मांग को लेकर भाजपा का एकदिवसीय धरना, धनबाद में उमड़ा जनसैलाब
👉नगर निकाय चुनाव टालना लोकतंत्र का अपमान : राज सिन्हा
👉EVM और दलीय आधार पर चुनाव की मांग, भाजपा ने सरकार को सौंपा ज्ञापन
👉चुनाव नहीं तो आंदोलन भयावह होगा, भाजपा नेताओं की दो टूक चेतावनी
धनबाद | 06 जनवरी 2026
राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में हो रही लगातार देरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर जिला ने मंगलवार को धनबाद नगर निगम के मुख्य द्वार पर एकदिवसीय धरना दिया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने की।
धरने का उद्देश्य नगर निकाय चुनाव की तिथि की शीघ्र घोषणा, दलीय आधार पर चुनाव कराने और मतदान में EVM के प्रयोग की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाना रहा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव न होने से शहरी विकास पूरी तरह बाधित हो गया है और जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को टाल रही है, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
उन्होंने सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि चुनाव नहीं होने से कितने विकास कार्य रुके और कितने राजस्व की हानि हुई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में देरी से शहरी विकास ठप पड़ गया है। जनता को पानी, सड़क, सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार चुनाव से डर रही है और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि राज्य में मेयर, उपमेयर और वार्ड पार्षद नहीं होने से स्थानीय नेतृत्व पूरी तरह गायब है। प्रशासक व्यवस्था में जनता की जरूरतों की सही पहचान नहीं हो पा रही, जिससे नाली, सड़क, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में EVM का प्रयोग पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए आवश्यक है। सरकार की टालमटोल नीति से जनता में भारी आक्रोश है और अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा धनबाद महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि नगर निकाय चुनाव न कराना संविधान और लोकतंत्र का खुला उल्लंघन है। भाजपा की स्पष्ट मांग है कि चुनाव की तिथियां तुरंत घोषित की जाएं, चुनाव दलीय आधार पर हों और मतदान EVM से कराया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
धरना का संचालन मानस प्रसून ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री धनेश्वर महतो ने किया। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र नगर प्रशासक को सौंपा गया।
धरना में भाजपा के प्रदेश व जिला स्तर के कई नेता, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं हजारों आम लोग उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel