कतरास के अंकित कुमार शर्मा बने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, एसएससी सीजीएल में शानदार सफलता

👉कपड़ा पट्टी कतरास के अंकित शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान,एसएससी सीजीएल में चयन
👉मेहनत, अनुशासन और आस्था का परिणाम: श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बने अंकित कुमार शर्मा
👉इंजीनियर से अधिकारी तक का सफर, कतरास के अंकित शर्मा की प्रेरणादायक सफलता
धनबाद | कतरास।
कतरास पचगढ़ी बाजार अंतर्गत कपड़ा पट्टी निवासी अंकित कुमार शर्मा, पिता स्वर्गीय नंदकिशोर शर्मा, ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कतरास क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंकित की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से उनके घर-परिवार एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। परिजनों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर उनके बड़े भाई पंडित अजय शर्मा ने कहा कि यह सफलता अंकित की निरंतर मेहनत, दृढ़ लगन, अनुशासन और श्री श्याम बाबा की असीम कृपा का प्रतिफल है।
अंकित कुमार शर्मा की शैक्षणिक उपलब्धियाँ भी अत्यंत सराहनीय रही हैं। उन्होंने दून पब्लिक स्कूल, धनबाद से 10वीं कक्षा में 10 सीजीपीए, टाटा डीएवी सिजुआ से इंटरमीडिएट में 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने बीआईटी सिंदरी से बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के उपरांत उन्होंने टाटा कंपनी में लगभग एक वर्ष तक सेवा भी दी।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अंकित कुमार शर्मा ने कहा कि “लगन और मेहनत से की गई तपस्या कभी असफल नहीं होती। यदि मन लगाकर और लक्ष्य पर केंद्रित होकर पढ़ाई की जाए, तो कोई भी मंज़िल असंभव नहीं है।” उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया।
इस अवसर पर माता कमला देवी, भाई पंडित अजय शर्मा, रितिका शर्मा, प्रीति शर्मा, पिंटू शर्मा, आयुष शर्मा सहित अन्य परिजन एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। कतरास क्षेत्र के लोगों ने भी अंकित की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
Subscribe to my channel