डीसी कार्यालय के पास रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से महिला व युवक गंभीर

👉धनबाद में तेज रफ्तार कार बेकाबू, दो लोग कुचले गए, बिजली पोल से टकराई गाड़ी
👉सत्यम नगर में दर्दनाक सड़क हादसा, बस का इंतजार कर रहे महिला-युवक घायल
👉डीसी ऑफिस के समीप हादसा, अनियंत्रित कार ने मचाई तबाही
धनबाद।
शहर में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। डीसी कार्यालय के समीप गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक महिला और युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के सत्यम नगर स्थित धनबाद–बरवाअड्डा मुख्य मार्ग की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 25 वर्षीय रफीक अंसारी और एक महिला बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों घायल कई फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति नाजुक बताई है और इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शहर में लापरवाह ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की जरूरत को एक बार फिर उजागर करती है।
Subscribe to my channel