पत्रकार से अभद्रता महंगी पड़ी: हंसडीहा थाना प्रभारी निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू

👉दुमका में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पत्रकार से दुर्व्यवहार पर थाना प्रभारी सस्पेंड
👉एसपी का सख्त रुख: पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की करने वाले थाना प्रभारी पर गिरी गाज
👉जांच में आरोप साबित, हंसडीहा थाना प्रभारी को भेजा गया निलंबन पर
झारखंड | दुमका:
पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार के मामले में दुमका पुलिस अधीक्षक ने कड़ा कदम उठाते हुए हंसडीहा थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निलंबन का आदेश 29 दिसंबर को जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, हंसडीहा थाना प्रभारी पु०अ०नि० ताराचंद पर पत्रकार मृत्युंजय पाण्डे के साथ अभद्र व्यवहार एवं धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच के लिए 28 दिसंबर, 2025 को जरमुंडी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देशित किया गया था। जांच पूरी कर 29 दिसंबर को प्रतिवेदन समर्पित किया गया, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि थाना प्रभारी का आचरण पुलिस की गरिमा और छवि को धूमिल करने वाला है। इसे कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं मनमाने आचरण की श्रेणी में माना गया है।
एसपी ने आदेश में कहा है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पु०अ०नि० ताराचंद को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित किया जाता है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दुमका निर्धारित किया गया है।
नोट👉
यह कार्रवाई पुलिस-मीडिया संबंधों को लेकर वरीय पदाधिकारी द्वारा जीरो टॉलरेंस का संकेत मानी जा रही है।
👉पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर यह संदेश देने की कोशिश है कि पद पर रहते हुए मर्यादा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
👉स्थानीय पत्रकार संगठनों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी, जिसे प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से लिया गया।
Subscribe to my channel