झारखंड में पुलिसिंग का नया मॉडल: एक छत के नीचे चार थाने, छह मंजिला इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन

👉राज्य के 12 जिलों में बनेंगे हाईटेक इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन, टेंडर प्रक्रिया पूरी
👉महिला, साइबर और SC-ST थानों को मिलेगा साझा परिसर, बदलेगा पुलिसिंग का चेहरा
👉छह फ्लोर में सुरक्षा और सुविधा का संगम, जल्द शुरू होगा इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन निर्माण
रांची।
झारखंड में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक व जनसुलभ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के प्रत्येक जिले में एक इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन का निर्माण किया जाएगा, जहां एक ही छत के नीचे चार प्रमुख थाने संचालित होंगे। यह विशेष थाना भवन छह मंजिला होगा और जिला स्तरीय पुलिसिंग को नई दिशा देगा।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रथम चरण में 12 जिलों में ऐसे 12 इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे। इन जिलों में रांची, गुमला, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, पलामू, धनबाद, गिरिडीह, चतरा, हजारीबाग, बोकारो और गढ़वा शामिल हैं। इन सभी जिलों में टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही शिलान्यास के साथ निर्माण कार्य शुरू होगा।
सूत्रों के अनुसार, इन इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशनों का शिलान्यास मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं कर सकते हैं। थाना भवनों में जिले के महिला थाना, अनुसूचित जाति–अनुसूचित जनजाति थाना, साइबर अपराध थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एक साथ संचालित होंगे। संबंधित जिले के एसपी अपनी प्रशासनिक सुविधा के अनुसार थानों की शिफ्टिंग करेंगे।
छह मंजिला इस आधुनिक भवन के ऊपरी दो तल्ले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए आवासीय होंगे। वहीं, भवन के पीछे के हिस्से में महिला पुलिस कर्मियों के लिए आरक्षित फ्लैट बनाए जाएंगे। परिसर को पूरी तरह सुसज्जित और सुरक्षित बनाया जाएगा।
इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन में हाजत, काउंसिलिंग कक्ष, आगंतुक कक्ष, सीसीटीवी निगरानी, लिफ्ट और सीढ़ियों की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ सोलर सिस्टम लगाने की भी योजना है, जिससे यह भवन ऊर्जा के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन सके।
गौरतलब है कि इस परियोजना के लिए पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को अनुशंसा भेजी थी, जिस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभागीय मंत्री के रूप में सहमति दी। इसके बाद चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज की गई, जो अब अंतिम चरण में है।
Subscribe to my channel