धनबाद में दौरे पर आएंगे कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी, झारखंड की पहली इलेक्ट्रिक बस को दिखाएँगे हरी झंडी

👉 झारखंड को मिलेगी पहली इलेक्ट्रिक बस, धनबाद के बेलगड़िया से होगी लॉन्चिंग
👉 झरिया पुनर्वास की प्रगति पर फोकस, धनबाद दौरे पर कोयला मंत्री—इलेक्ट्रिक बस सेवा की करेंगे शुरुआत
👉 बीसीसीएल देगी बेलगड़िया को दो इलेक्ट्रिक बसें, कोयला मंत्री 28 नवंबर को करेंगे शुभारंभ
झारखंड में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए धनबाद जल्द ही राज्य की पहली इलेक्ट्रिक बस सेवा का केंद्र बनने जा रहा है। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी 28 नवंबर को धनबाद के बेलगड़िया में दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएँगे। ये बसें बीसीसीएल की ओर से झरिया पुनर्वास क्षेत्र—विशेष रूप से बेलगड़िया—के विस्थापित परिवारों के लिए उपलब्ध कराई जा रही हैं।
26 नवंबर तक इलेक्ट्रिक बसों के धनबाद पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 28 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में इनका औपचारिक रूप से शुभारंभ किया जाएगा। मंत्री के साथ कोयला सचिव और कोल इंडिया के चेयरमैन भी बीसीसीएल के दौरे पर रहेंगे।
29 नवंबर की सुबह कोयला मंत्री धनबाद से वापस लौटेंगे।
👉झरिया पुनर्वास पर होगा बड़ा मंथन
सूत्रों के अनुसार, कोयला मंत्री का यह दौरा झरिया पुनर्वास योजनाओं की गति का आकलन करने को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा हाल ही में झरिया पुनर्वास कार्यों को तेज करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
बीसीसीएल और जेआरडीए अधिकारियों के साथ बैठक में पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा, प्रभावित इलाकों का निरीक्षण और नई रणनीतियों पर चर्चा होगी। मंत्री बेलगड़िया समेत पुनर्वासित क्षेत्रों का स्थलीय भ्रमण भी करेंगे।
👉केंद्र पहले ही दे चुका है बड़ा वित्तीय पैकेज
झरिया पुनर्वास की गंभीरता का अंदाज़ इसी से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय कैबिनेट ने जून 2025 में ₹5,940 करोड़ की लागत वाले संशोधित झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी दी थी। इसके बाद से लगातार उच्च-स्तरीय बैठकों का दौर जारी है, जिनमें पिछले कुछ दिनों में तीन बड़ी बैठकों के बाद मंत्री का यह दौरा और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
धनबाद की जनता इलेक्ट्रिक बस सेवा और पुनर्वास योजनाओं में नए बदलावों को लेकर उत्सुक है।

Subscribe to my channel