एरिया-6 में CISF का छापा, 40 टन अवैध कोयला जब्त; अवैध खनन नेटवर्क में हड़कंप

👉 धनसार काली बस्ती में CISF की बड़ी कार्रवाई, कुसुंडा वेट ब्रिज के पास मिला अवैध कोयले का जखीरा
👉 बीसीसीएल क्षेत्र में अवैध खनन पर CISF का दंडात्मक प्रहार, 40 टन कोयला जब्त
👉 गुप्त सूचना पर CISF का ऑपरेशन सफल, अवैध कोयला भंडारण का खुला भंडाफोड़
धनबाद :
बीसीसीएल के एरिया-6 में अवैध कोयला कारोबार पर लगाम कसने के लिए CISF की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। ताजा मामले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने गुप्त सूचना पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 40 टन अवैध कोयला जब्त किया है।
सूत्रों के मुताबिक, CISF की टीम ने धनसार थाना क्षेत्र स्थित काली बस्ती ग्राउंड के समीप, कुसुंडा वेट ब्रिज के पास छापेमारी की। यहां भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया कोयला मिला, जिसकी बिक्री और परिवहन की तैयारी चल रही थी। टीम ने मौके से किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कोयला को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
CISF की इस कार्रवाई से एरिया-6 में चल रहे अवैध खनन और कोयला तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही छापेमारियों के बीच अवैध ऑपरेटरों में दहशत का माहौल है। वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं।
जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोयले का भंडारण किन लोगों के इशारे पर किया जा रहा था और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

Subscribe to my channel