कृषि विज्ञान केन्द्र मनकापुर में मत्स्य पालन विषयक पाँच दिवसीय व्यवसायिक प्रशिक्षण संपन्न
रिपोर्टर प्रदीप वर्मा

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर गोंडा में मत्स्य उत्पादन तकनीक विषयक पांच दिवसीय रोजगार परक प्रशिक्षण संपन्न हुआ । प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को मत्स्य पालन से संबंधित आधुनिक तकनीकों एवं प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता मत्स्य वैज्ञानिक ने मत्स्य संस्कृति की वैज्ञानिक तकनीक, तालाब की तैयारी, जल की गुणवत्ता, चूना एवं खाद का उपयोग, संतुलित आहार, फीडिंग प्रबंधन, मछली रोग नियंत्रण तथा गुणवत्तापूर्ण मछली बीज के चयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी । उन्होंने बताया कि उचित प्रबंधन अपनाकर मछली उत्पादन को कई गुना बढ़ाया जा सकता है। डॉ. रामलखन सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक शस्य विज्ञान ने तालाबों के बंधे पर सरसों, अरहर आदि की खेती की जानकारी दी । डॉ. हनुमान प्रसाद पांडे मृदा वैज्ञानिक ने प्रशिक्षणार्थियों को मृदा एवं जल की गुणवत्ता के महत्व, मिट्टी परीक्षण और pH स्तर की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ मिट्टी और उपयुक्त जल स्तर मछली उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता को सीधे प्रभावित करते हैं। डॉ. डी.के. पांडे ने प्रशिक्षणार्थियों को तालाब की मेड़ पर सब्जियों की खेती करने की तकनीक समझाई। उन्होंने बताया कि तालाब की मेड़ पर सब्जियों का उत्पादन कर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं । प्रशिक्षण में ग्रामीण बेरोजगार युवकों अब्दुल अजीज, मोहम्मद उस्मान, रितेश सिंह, वीरेंद्र कश्यप और मोहर्रम अली ने प्रतिभाग कर मत्स्य उत्पादन तकनीक की जानकारी प्राप्त की ।

Subscribe to my channel