दिन दहाड़े झरिया में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत और आक्रोश

👉 झरिया में सड़क पर युवक की सरेआम हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
👉 कतरास मोड़ के पास युवक को नज़दीक से मारी गोली, भीड़ उमड़ी—विधायक ने पुलिस पर उठाए सवाल
👉 दिनदहाड़े अपराधियों ने युवक की ली जान, विधायक ने मांगा आरोपियों का एनकाउंटर
झरिया विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को कतरास मोड़ के पास दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पूर्व भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के समीप स्थित ट्रांसपोर्टिंग ऑफिस ‘16 चक्का’ के पास प्रेम यादव, निवासी छपरा, पैदल जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी पीछे से आए और उनमें से एक ने पिस्टल प्रेम की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के कुछ ही मिनटों में कतरास मोड़ और आसपास के इलाके में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। गुस्साए लोगों ने प्रशासन और कानून-व्यवस्था को इस निर्मम हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया।
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पुलिस व्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि “पुलिस हेलमेट चेकिंग के अलावा करती क्या है? दिनदहाड़े एक बाइक पर तीन लोग घूमते रहे और एक निर्दोष युवक की हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस अभी तक खाली हाथ है।” उन्होंने अपराधियों के एनकाउंटर की मांग भी की, ताकि अन्य अपराधियों में भय पैदा हो।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष सत्यम के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस तैनात की गई। एसडीपीओ सत्यम ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस उससे एक कदम आगे रहती है। “इस मामले में भी अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे, बस थोड़ा इंतजार कीजिए,” उन्होंने दावा किया।

Subscribe to my channel