अवैध कब्जों से गौ-चर भूमि मुक्त कराने की मांग तेज़, विश्व हिंदू परिषद ने जिला प्रशासन से की अपील

विश्व हिंदू परिषद, जिला बस्तर ने जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी, जगदलपुर को एक ज्ञापन सौंपकर ग्राम करकापाल (पंचायत बिलोरी, तहसील जगदलपुर) की गौ-चर (चारागाह) भूमि पर हुए अवैध कब्जों को तत्काल हटाने की मांग की है।

पत्र में परिषद ने बताया कि ग्राम करकापाल की खसरा भूमि क्रमांक 221 कुल रकबा 0.320 हेक्टेयर क्षेत्र चारागाह के रूप में राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसका उपयोग परंपरागत रूप से पशुओं के चराई हेतु किया जाता रहा है। किंतु वर्तमान में उक्त भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया है, जो शासन के नियमों का उल्लंघन एवं शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जे की श्रेणी में आता है।

परिषद ने यह भी उल्लेख किया कि ग्रामवासियों द्वारा दिनांक 16 जुलाई 2015 को इस संबंध में जिला प्रशासन को आवेदन प्रस्तुत किया गया था, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिषद ने चेताया कि यह न केवल पशुपालन के लिए हानिकारक है, बल्कि ग्राम के सामाजिक ताने-बाने और कानून व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय है। विश्व हिंदू परिषद ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के सहयोग से शीघ्र कार्यवाही कर उक्त भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए, ताकि ग्रामवासियों को पुनः अपने पशुओं के चराई हेतु भूमि का उपयोग मिल सके। विहिप ने कहा है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो हिंदू समाज इस विषय पर शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। परिषद ने आशा व्यक्त की है कि शासन-प्रशासन ग्रामवासियों की भावना का सम्मान करते हुए शीघ्र न्यायसंगत निर्णय लेगा।
Subscribe to my channel