किसी के दबाव में नहीं आएं, गलत को पहचाने और ‘नहीं’ कहना सीखें
डीएसपी शिवा पाठक ने संस्कार माउंट पब्लिक स्कूल में बच्चों को दिए सुरक्षा के सूत्र
बाकल थाना क्षेत्र के संस्कार माउंट पब्लिक स्कूल खुर्शी बाकल में उस समय विशेष माहौल देखने को मिला जब डीएसपी सुश्री शिवा पाठक ने विद्यालय का आकस्मिक दौरा किया। उनके आगमन से विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का वातावरण बन गया।
डीएसपी शिवा पाठक ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर अपराधों से बचाव और ‘मुस्कान अभियान’ के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में हर बच्चे को सतर्क रहना आवश्यक है। किसी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन बातचीत करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
डीएसपी ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि —
> “किसी के दबाव या बहकावे में आकर गलत काम न करें, और यदि कोई अनुचित कार्य करने को कहे तो ‘नहीं’ कहना सीखें।”
उन्होंने यह भी कहा कि हर बच्चा आत्मविश्वासी, सजग और सुरक्षित रहे, क्योंकि सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से होती है।
विद्यालय प्रबंधन ने डीएसपी सुश्री शिवा पाठक का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इस प्रकार के संवाद विद्यार्थियों में सुरक्षा, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य लोकेंद्र सिंह लोधी, शिक्षकगण और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिसर में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।