ब्रेकिंग न्यूज़

जगदलपुर के पल्ली नाका समीप से नवोदय विद्यालय तक सड़क चौड़ी

जगदलपुर शहरवासियों सहित चित्रकोट एवं बस्तर ब्लॉक के कुड़कानार क्षेत्र से जगदलपुर तक सफर करने वाले ग्रामीणों और पीजी कॉलेज, कन्या पालीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज एवं धरमपुरा स्थित अन्य विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर यह है कि शहर के धरमपुरा स्थित पल्ली नाका समीप से नवोदय विद्यालय तक की सड़क अब नई शक्ल ले चुकी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क के विस्तारीकरण और मजबूतीकरण का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह मार्ग जगदलपुर शहर और चित्रकोट मुख्य मार्ग के पल्ली नाका के समीप से जुड़ता है, जो पहले सिर्फ 3.75 मीटर चौड़ा था।

सड़क की संकीर्णता के कारण यहां अक्सर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से मांग थी कि उक्त सड़क को चौड़ा किया जाए, ताकि धरमपुरा क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को संभाला जा सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव के सकारात्मक प्रयासों से इस सड़क को अब साढ़े 05 मीटर चौड़ा कर दिया गया है। सड़क के चौड़ा और मजबूत होने से अब दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी।

किरण देव ने कहा यह मार्ग शैक्षणिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क धरमपुरा क्षेत्र के कई प्रमुख कॉलेजों, विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पास से होकर गुजरती है। पहले विद्यार्थियों को संकीर्ण सड़क और ट्रैफिक जाम की वजह से रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब नई सड़क से उनका सफर सुरक्षित और सहज होगा। स्थानीय नागरिकों ने सड़क के निर्माण को लेकर संतोष जताया है। उनका कहना है कि इससे न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि बारिश के मौसम में होने वाली कीचड़ और गड्ढों की समस्या से भी निजात मिलेगी। वहीं मौसम खुलने पर इस संकरी सड़क में धूल भी उठता था, लेकिन अब सड़क के चौड़ी होने के कारण धूल से भी मुक्ति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार उक्त सड़क का अंतिम लेयर कार्य और किनारों की सफाई का काम पूरा होने के साथ ही इस सड़क पर आवागमन और सुगम हो जाएगी।

Bastar Chhattisgarh News @ Reporter Sumit Bajpai

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button