धनबाद पुलिस बनी हाईटेक, साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण शुरू

👉साइबर क्राइम पर लगाम कसने की तैयारी, पुलिस को मिला आधुनिक प्रशिक्षण
👉डिजिटल ठगी के खिलाफ धनबाद पुलिस का एक्शन प्लान, तीन दिवसीय ट्रेनिंग शुरू
👉हाईटेक अपराधियों से मुकाबले को तैयार पुलिस, साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
👉प्रशिक्षण के बाद होगी परीक्षा, बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा पुरस्कार
धनबाद : जिले में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए धनबाद पुलिस ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में तीन दिवसीय विशेष साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण शिविर में तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को साइबर क्राइम की जांच, डेटा सुरक्षा और ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों के निष्पादन से जुड़े आधुनिक सॉफ्टवेयर एवं टूल्स की विस्तृत जानकारी दी गई।
एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधी लगातार हाईटेक होते जा रहे हैं, ऐसे में पुलिस को उनसे एक कदम आगे रहना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी संकलन किया जाए, ताकि अपराधियों को सजा दिलाई जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को फिशिंग, लिंक फ्रॉड की पहचान, सोशल मीडिया अपराधों की ट्रैकिंग, बैंक फ्रॉड में पेमेंट गेटवे के माध्यम से राशि फ्रीज कराने की प्रक्रिया और डिजिटल फॉरेंसिक के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी गई।
इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी और साइबर सेल के जवानों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से साइबर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
👉प्रशिक्षण के बाद होगी परीक्षा
एसएसपी ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों की परीक्षा ली जाएगी, ताकि उनकी समझ और दक्षता का मूल्यांकन किया जा सके। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा, जबकि असफल रहने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिससे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
Subscribe to my channel