ब्रेकिंग न्यूज़

धनबाद में रिटायर्ड हवलदार के घर डकैती, बच्चों को बंधक बनाकर 23.5 लाख की लूट

👉मिश्रीडीह में देर रात डकैती, CCTV तोड़ बदमाश फरार

👉बरवाअड्डा में 10 हथियारबंद अपराधियों का कहर, परिवार को बनाया बंधक

👉सोते परिवार पर धावा, नकद और गहनों पर हाथ साफ

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ी डकैती की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। मिश्रीडीह मोड़ के पास स्थित एक रिटायर्ड हवलदार के घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 की संख्या में आए अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाश सीढ़ियों के रास्ते घर में घुसे और सो रहे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान अपराधियों ने बच्चों को बंधक बनाकर पूरे परिवार को डराया-धमकाया, जिससे कोई विरोध न कर सके। इसके बाद घर में रखी नकदी और कीमती आभूषणों की तलाशी ली गई।

डकैत करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

घर के मालिक रिटायर्ड हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के अनुसार, वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी नींद नहीं खुली और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस करीब ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद जांच शुरू की गई और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी भी की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और पुलिस की देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button