आयुष्मान भारत योजना बनी सहारा, सदर अस्पताल में निशुल्क हुआ सफल गर्भाशय ऑपरेशन

👉 आर्थिक तंगी के बीच आयुष्मान योजना से मिली राहत, 45 वर्षीय महिला का ऑपरेशन सफल
👉 धनबाद सदर अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के जरिये हुआ निःशुल्क हिस्टेरेक्टॉमी सर्जरी
👉 सरकारी योजना ने बचाई जान: गंभीर रक्तस्राव से पीड़ित महिला का मुफ्त ऑपरेशन
धनबाद, 5 नवंबर 2025
आयुष्मान भारत योजना ने एक बार फिर जरूरतमंद मरीज के जीवन में उम्मीद की किरण जगाई है। धनबाद के सदर अस्पताल में आज 45 वर्षीय गीता देवी का गर्भाशय ऑपरेशन (हिस्टेरेक्टॉमी) सफलतापूर्वक किया गया। अत्यधिक माहवारी और लगातार रक्तस्राव से जूझ रही गीता देवी आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पतालों में इलाज नहीं करा पा रही थीं, जहां ऑपरेशन का खर्च 40 से 50 हजार रुपये तक बताया गया था।
आयुष्मान भारत कार्ड की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सदर अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद से संपर्क किया। जांच में गंभीर खून की कमी सामने आई, जिसके बाद उन्हें रक्त चढ़ाया गया और आवश्यक तैयारियों के उपरांत आज ऑपरेशन किया गया। इस सर्जरी में डॉ. आनंद (एनेस्थेटिस्ट), मदुसूदन मरांडी और सिस्टर रेखा की टीम शामिल रही।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज अभी स्वस्थ है। गीता देवी ने इलाज प्रदान करने वाली टीम, जिला प्रशासन और आयुष्मान भारत योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के तहत मुफ्त इलाज से उन्हें नई जिंदगी मिली है।

Subscribe to my channel