भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष बेलरगांव मनोहरदास मानिकपुरी पर ग्राम कसपुर की एक आदिवासी महिला ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 3 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को हुई, और पीड़िता, ने थाना बोराई में शिकायत देकर FIR दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी जो कि भाजपा मंडल अध्यक्ष (बेलरगांव) हैं, उनके घर आया था और पानी माँगने के बहाने घर में प्रवेश कर पीछे से आकर शारीरिक रूप से छेड़छाड़ की। महिला के चिल्लाने पर आरोपी अपनी लाल रंग की महिंद्रा TUV गाड़ी में मौके से फरार हो गया।
थाना बोराई में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने का प्रयास), धारा 331(2) (अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के विरुद्ध अपराध), और घर में जबरन घुसने जैसी गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
थाना बोराई प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद आदिवासी समुदाय में भारी नाराज़गी देखी गई है। ग्रामीणों और समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि आदिवासी महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश बैस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मनोहरदास मानिकपुरी को पार्टी के मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी महिला सुरक्षा के मामलों में “शून्य सहनशीलता की नीति” अपनाती है, और कानून अपना कार्य करेगा।