कार्रवाई : को-बड़ीऑपरेटिव कॉलोनी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

बोकारो : शहर की को-ऑपरेटिव कॉलोनी में संचालित अवैध देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष दल ने छापेमारी की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में शनि कुमार (26 वर्ष, निवासी प्लॉट 155, को-ऑपरेटिव कॉलोनी) और निखत प्रवीण (26 वर्ष, कोलकाता) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शनि कुमार कोलकाता से महिलाओं को बुलाकर अपने किराए के मकान में देह व्यापार करवाता था। वहीं, निखत प्रवीण इस नेटवर्क को महिलाओं की आपूर्ति कराने में सहयोग करती थी।
पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है, जिसमें विभिन्न ब्रांड के 10 कंडोम और एक सैमसंग मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस मामले में बीएस सिटी थाना में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/6/7 के तहत प्राथमिकी संख्या 212/25 दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि अपराधमुक्त वातावरण बनाने के लिए ऐसे अवैध कारोबारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोग संतुष्ट हैं और पुलिस प्रशासन की सतर्कता की सराहना कर रहे हैं। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।

Subscribe to my channel