कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर में औद्यानिक फसलों पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर में औद्यानिक फसलों पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न

उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग गोंडा द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई पर ड्रॉप मोर क्राप योजना के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर गोंडा में संपन्न हुआ । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. राम लखन सिंह ने बागवानी फसलों,सब्जी, फूलों की खेती आदि औद्यानिक फसलों में सिंचाई प्रबंधन, सिंचाई की विधियां,खरपतवार प्रबंधन आदि की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि औद्यानिक फसलों में बौछारी एवं ड्रिप सिंचाई से सिंचाई जल में भारी बचत के साथ ही फसलों की भरपूर उपज प्राप्त होती है । उन्होंने केला, टमाटर एवं बैंगन की जैविक खेती की जानकारी दी । डॉ. मनोज कुमार सिंह उद्यान वैज्ञानिक ने फल एवं सब्जी पौध उत्पादन तकनीक, गोभी वर्गीय सब्जियों की खेती, लता वर्गीय सब्जियों की मचान पर खेती की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि मचान पर खेती करने से लता वर्गीय सब्जियों की पैदावार दोगुनी प्राप्त होती है । डॉ. हनुमान प्रसाद पांडेय मृदा वैज्ञानिक ने मृदा नमूना परीक्षण, हरी खाद की खेती, औद्यानिक फसलों में पोषक तत्व प्रबंधन, जैव उर्वरकों के प्रयोग एवं महत्व आदि की जानकारी दी । गिरीश मिश्रा उद्यान निरीक्षक ने उद्यान एवं खाद्य संस्करण विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई , एकीकृत बागवानी मिशन आदि योजनाओं की जानकारी दी । उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बेरोजगार युवकों को मशरूम उत्पादन,फल परिरक्षण आदि का उद्यम स्थापित करने के लिए योजना द्वारा अनुदान दिया जा रहा है । रोहन कुमार यादव सहायक उद्यान निरीक्षक ने पाली हाउस,शेड नेट हाउस पर देय अनुदान की जानकारी दी । इस अवसर पर विनोद सिंह प्रधान चौधरी सहित प्रगतिशील कृषकों महादेव प्रसाद यादव, राजेश कुमार वर्मा, छीटन प्रसाद, परशुराम शुक्ल, अरुण कुमार सिंह, श्री प्रकाश पांडे, राजकुमार तिवारी, रामसागर वर्मा, आदि ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर तकनीकी जानकारी प्राप्त की ।

Subscribe to my channel