
रिपोर्टर विजय दिवाकर अम्बिकापुर छत्तीसगढ़
कोरबा, दल से बिछड़कर एक हाथी बुधवार रात परला, लालमट्टा गांव पहुंच गया। जमकर उत्पात मचाते हुए कई ग्रामीणों की फसल रौंद दी। वहीं ग्रामीणों धरम सिंह और सुरेश के घर को ढहा दिया। मकान को तोड़ने के साथ ही वहां रखे घरेलू सामानों को भी तहस-नहस कर दिया। रात में हाथी के अचानक हुए इस हमले से ग्रामीण दहशत में आ गए और भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथी को वहां से जंगल में खदेड़ दिया है।
कुदमुरा, पसान और धरमजयगढ़ क्षेत्र में भी हाथी मौजूद
कटघोरा वन मंडल के अलावा कोरबा के कुदमुरा रेंज में भी हाथियों ने धमक दे दी है। धरमजयगढ़ क्षेत्र से पहुंचे 15 हाथियों का दल अभी भी कलमीटिकरा के आसपास घूम रहा है। हाथियों के इस दल को स्थानीय जंगल में देखा गया। बालको वन परिक्षेत्र के दूधिटांगर व फुटका पहाड़ में भी 20 हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। बड़ी संख्या में हाथियों के विचरण करने से ग्रामीण दहशत में हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि काफी दिनों से क्षेत्र में हाथियों की उपस्थिति के बावजूद कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

Subscribe to my channel