ब्रेकिंग न्यूज़

Punjab News : पंडवाला और बनूड़ के छात्रों ने राष्ट्रीय एकता शिविर में किया जिला और प्रदेश का नाम रोशन

रिपोर्टर महिंदर सिंह मोहाली पंजाब

ज़िले के सरकारी स्कूलों के छात्रों ने राजस्थान के कोटा में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर (नेशनल इंटीग्रेशन कैंप) में शानदार उपलब्धि हासिल कर पंजाब और ज़िले का नाम गौरवान्वित किया। यह चार दिवसीय शिविर 26 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा आयोजित किया गया था।इस शिविर में ज़िले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडवाला के 20 और स्कूल ऑफ एमिनेंस बनूड़ के 4 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों के इस दल की अगुवाई जिला शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों की देखरेख में हुई। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी (से. सि.) डॉ. गिनी दुग्गल, डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी सरदार अंग्रेज़ सिंह, प्रिंसिपल श्रीमती पवित्र कौर (सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडवाला), प्रिंसिपल रेनू वर्मा (स्कूल ऑफ एमिनेंस बनूड़) का मार्गदर्शन रहा। वहीं जिला सचिव लखविंदर सिंह, गाइड कैप्टन अमृतपाल कौर, स्काउट मास्टर गुरविंदर सिंह और स्काउट मास्टर नरिंदर कुमार ने छात्रों का नेतृत्व किया। कोटा में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से 14 राज्यों और रेलवे इकाइयों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में साहिबजादा अजीत सिंह नगर ज़िले की टीम ने पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। दल ने लोक नृत्य और देशभक्ति गीत की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं लोकगीत और कैंप फायर प्रस्तुति में दूसरा स्थान हासिल कर पूरे शिविर में सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। छात्रों की इस उपलब्धि पर शिक्षकों और अभिभावकों ने गर्व जताया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गिनी दुग्गल ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ़ ज़िले बल्कि पूरे पंजाब के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय एकता शिविर में मिली इस सफलता ने पंडवाला और बनूड़ के इन छात्रों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास दिया है। साथ ही यह सिद्ध कर दिया है कि अनुशासन मेहनत और मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button