
तेजस्वी यादव का भाजपा पर हमला, बोले- लोकतंत्र को खत्म कर राजतंत्र लाना चाहती है सरकार
‘वोट अधिकार यात्रा’ के 11वें दिन राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर देश को राजतंत्र की ओर धकेलना चाहती है।
तेजस्वी ने कहा कि “लोकतंत्र की जननी बिहार है और यहीं से भाजपा और उसके सहयोगी चुनाव आयोग के जरिए लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। वे सिर्फ आपके वोट के अधिकार नहीं बल्कि आपके अस्तित्व को भी समाप्त करना चाहते हैं।”
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. लोहिया और लालू प्रसाद यादव का हवाला देते हुए कहा कि वोट ही जनता की असली ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा, “मोदी जी लोकतंत्र खत्म कर राजतंत्र लाना चाहते हैं, जहां एक राजा होगा और प्रजा वही करेगी जो राजा कहेगा। लेकिन लोकतंत्र में प्रजा करती है, राजा नहीं।”
जनसभा के दौरान तेजस्वी ने बेरोजगारी और अपराध के मुद्दे उठाए। उन्होंने जनता से सवाल किया, “क्या अपराध बढ़ा है या नहीं? क्या बेरोजगारी कम हुई है?” और दावा किया कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए पांच लाख नौकरियां दी थीं और आगे भी रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
भाजपा सरकार को उन्होंने ‘नकलची सरकार’ करार देते हुए कहा कि, “यह सरकार वही करती है जो तेजस्वी बोलता है। नकल कर लेते हैं लेकिन सोच नहीं सकते। आपको असली मुख्यमंत्री चाहिए या नकली मुख्यमंत्री?”
तेजस्वी की इस जनसभा में भारी भीड़ जुटी। माना जा रहा है कि उनकी यह ‘वोट अधिकार यात्रा’ आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने का एक बड़ा अभियान है।