दिल्ली अस्पताल में भर्ती पूर्व विधायक संजीव सिंह, हालत नाजुक
रागिनी सिंह ने की समर्थकों से प्रार्थना “मुश्किल घड़ी जल्द बीतेगी”
धनबाद: झरिया के पूर्व विधायक और सिंह मेंशन के युवराज संजीव सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
शनिवार की शाम संजीव सिंह की हालत और बिगड़ने की जानकारी उनकी पत्नी एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा— “हर कठिन रात के बाद सूरज जरूर उगता है। इस मुश्किल दौर में आपका साथ है तो संजीव जी जल्द स्वस्थ होंगे।” साथ ही उन्होंने लोगों से प्रार्थना की कि सभी मिलकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करें।
समर्थकों में चिंता की लहर
जैसे ही संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई, समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच बेचैनी बढ़ गई। सोशल मीडिया पर लगातार लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
जमानत के बाद बढ़ी निगाहें
गौरतलब है कि संजीव सिंह हाल ही में 11 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट से बेल पर जेल से बाहर आए थे। वह अपने चचेरे भाई नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले में आठ वर्षों से जेल में बंद थे। अब 27 अगस्त को धनबाद न्यायालय में इस चर्चित नीरज सिंह हत्याकांड का फैसला आना है। ऐसे में उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर ने राजनीतिक हलकों से लेकर आम समर्थकों तक सबको गहरी चिंता में डाल दिया है।