बिहार
Trending

राज्य स्वास्थ्य संस्थान में फ़ाइलेरिया उन्मूलन पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

पटना। शुक्रवार को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान में पूर्णिया सहित बिहार के सभी 38 जिलों से आए जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डी.पी.सी.) का फ़ाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम पर उन्मुखीकरण किया गया। इस अवसर पर फ़ाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सी.एच.ओ.) की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (फ़ाइलेरिया) डॉ. श्यामा राय ने कहा कि सी.एच.ओ. का सीधा संपर्क जनता से होता है, इसलिए वे इस अभियान के प्रमुख कड़ी हैं। उन्होंने सभी डी.पी.सी. से अपने जिलों में सी.एच.ओ. को विशेष प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मनोज ने कहा कि सी.एच.ओ. को फ़ाइलेरिया उन्मूलन के लिए सशक्त प्रशिक्षण की आवश्यकता है। वहीं, पिरामल फाउंडेशन के तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. इंद्रनाथ बनर्जी ने फ़ाइलेरिया और कालाजार उन्मूलन के विभिन्न चरणों की जानकारी दी और बताया कि एम.एम.डी.पी. (मोरबिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसएबिलिटी प्रिवेंशन) इसका अहम हिस्सा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के राज्य एन.टी.डी. कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश पांडेय ने जानकारी दी कि वर्तमान में बिहार में 1.60 लाख फ़ाइलेरिया मरीज चिन्हित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग 15 प्रतिशत क्षेत्रों में फ़ाइलेरिया के प्रसार को नियंत्रित करने में सफलता मिली है।

पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम डायरेक्टर बासब रूज ने बताया कि सी.एच.ओ. नाइट ब्लड सर्वे और सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम में समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर एम.एम.डी.पी. क्लिनिक खोलने की आवश्यकता पर बल दिया।

सिफार के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक रणविजय कुमार ने कहा कि राज्य के 20 जिलों में गठित रोगी हितधारक मंच सी.एच.ओ. की अध्यक्षता में काम कर रहा है, जिससे फ़ाइलेरिया मरीजों को स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने में मदद मिल रही है।

राज्य सलाहकार (फ़ाइलेरिया) डॉ. अनुज सिंह रावत ने तीन चरणों में चल रहे नाइट ब्लड सर्वे की जानकारी साझा की और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस मौके पर राज्य फ़ाइलेरिया कार्यालय, विश्व स्वास्थ्य संगठन, पिरामल फाउंडेशन और सिफार के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन आनंद कश्यप ने किया।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button