
पटना मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण में परिचालन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को भारत सरकार के मुख्य विद्युत निरीक्षक (EIG) जगदीश कुमार ने मेट्रो के प्रमुख विद्युत प्रतिष्ठानों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PMRCL) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण में रिसीविंग सब स्टेशन, सहायक सब स्टेशन, फीडर लाइन, डिपो लाइन और अन्य विद्युत आपूर्ति प्रणालियों की सुरक्षा व कार्यक्षमता की जांच की गई। इसका उद्देश्य परिचालन से पहले सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना है।
पहले चरण के तहत 6.5 किमी लंबे प्राथमिकता कॉरिडोर (मलाही पकड़ी से न्यू ISBT) पर पांच स्टेशनों — मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ रोड, जीरो माइल और न्यू ISBT — का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। मेट्रो डिपो में 32 तीन-कोच ट्रेनों के रखरखाव और निरीक्षण की व्यवस्था होगी।
पहले 15 अगस्त से मेट्रो परिचालन का लक्ष्य था, जिसे 23 अगस्त तक बढ़ाया गया, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से सितंबर में शुरू करने की योजना है। इस माह के अंत तक ट्रायल रन होने की संभावना है। पुणे से आया पहला मेट्रो रेक 20 जुलाई को पटना पहुंच चुका है।



Subscribe to my channel