बिहार के सभी शिक्षकों की खुलेगी ई-सर्विस बुक, नियुक्ति में स्थानीयों को प्राथमिकता
बिहार के सभी सरकारी शिक्षकों की खुलेगी ई-सर्विस बुक, शिक्षकों की नियुक्ति में बिहारियों को मिलेगी प्राथमिकता

बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी 81,223 सरकारी विद्यालयों के लगभग छह लाख शिक्षकों और कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक खोलने का निर्णय लिया है। इसे अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा। इस संबंध में आदेश शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ के हस्ताक्षर से बुधवार को जारी किया गया।
ई-सर्विस बुक में प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक, शिक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतन, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई, योग्यता, प्रमाण पत्र और छुट्टियों से संबंधित सभी जानकारियां डिजिटल रूप में संधारित होंगी।
इसके लिए सभी आवश्यक दस्तावेजों को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा स्कैन कर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। पुस्तकालयाध्यक्षों सहित सभी कर्मचारियों के शैक्षणिक और प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर उन्हें ई-सर्विस बुक में शामिल किया जाएगा।
इसके साथ ही, बिहार सरकार ने शिक्षक नियुक्ति में बिहारियों को प्राथमिकता देने वाला कानून भी लागू कर दिया है। इसके तहत अब विद्यालय शिक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए कुल रिक्तियों का 40 प्रतिशत हिस्सा ऐसे अभ्यर्थियों से भरा जाएगा, जिन्होंने बिहार के संस्थानों से मैट्रिक या इंटरमीडिएट की पढ़ाई की है। यदि पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलते, तो शेष रिक्तियां सामान्य प्रक्रिया के तहत भरी जा सकेंगी।
यह कदम न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराएगा।



Subscribe to my channel