बेटे ने पिता को मरा घोषित कर दी जमीन की रजिस्ट्री, 90 वर्षीय बुजुर्ग की डीएम से गुहार
"हुजूर, मैं जिंदा हूं..." — बेटे ने मृत बताकर बेच दी जमीन, 90 साल के बुजुर्ग की डीएम से गुहार

मुजफ्फरपुर (बिहार) — कांटी थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के रहने वाले 90 वर्षीय बुजुर्ग राजनारायण ठाकुर सोमवार को जिले के डीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने अधिकारियों के सामने भावुक होते हुए कहा — “हुजूर, मैं जिंदा हूं… लेकिन मेरा बेटा मुझे मृत बताकर मेरी जमीन बेच चुका है।”
राजनारायण ठाकुर ने डीएम सुब्रत कुमार सेन को दिए आवेदन में बताया कि उनके पांच बेटे हैं, लेकिन कोई भी उनकी देखभाल नहीं करता। सबसे छोटा बेटा धोखे से उनकी जमीन बेच चुका है और रजिस्ट्री में उन्हें मृत (स्वर्गीय) दिखाया गया है।
29 जुलाई को हुई जमीन की रजिस्ट्री
बुजुर्ग के अनुसार, यह फर्जी रजिस्ट्री 29 जुलाई को मोतीपुर रजिस्ट्री कार्यालय में की गई है। इसमें उनके नाम के आगे “स्वर्गीय” लिखा गया है, जबकि वे जीवित हैं। उन्होंने बताया कि इस रजिस्ट्री में न तो उनकी सहमति ली गई, न ही उनके दस्तखत हुए हैं। उन्होंने इसे साफ तौर पर धोखाधड़ी करार दिया।
डीएम से की कार्रवाई की मांग
राजनारायण ठाकुर ने डीएम से इस पूरे मामले की जांच कर दोषी बेटे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने उस जमीन रजिस्ट्री को रद्द करने की भी गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने थाने में भी इसकी लिखित शिकायत दी है।
डीएम ने दिए जांच के आदेश
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतीपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) और थानाध्यक्ष को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
पारिवारिक विवाद का समाधान सुझाया
डीएम ने बुजुर्ग को सुझाव दिया कि यदि पांचों बेटे आपसी सहमति बनाएं तो ₹100 के स्टांप पेपर पर परिवारिक बंटवारा कर समस्या का समाधान किया जा सकता है। फिलहाल प्रशासन बुजुर्ग द्वारा दी गई शिकायत की जांच कर रहा है।



Subscribe to my channel