ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : सर्राफा दुकान से चांदी की पायल चोरी करने वाली शातिर महिला गिरफ्तार, 311 ग्राम चांदी बरामद

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मौदहा पुलिस की कार्रवाई, आरोपी महिला को कानपुर से दबोचा

रिपोर्टर लोटन प्रसाद हमीरपुर उत्तर प्रदेश

हमीरपुर। जनपद के मौदहा कस्बे में एक सर्राफा व्यापारी की दुकान से चांदी की पायल चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला अपने बच्चे के साथ दुकान पर पहुंची थी और शातिराना अंदाज में कई जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर फरार हो गई थी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना के बाद सर्राफा व्यापारी की शिकायत पर मौदहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आशा उर्फ सुभि को कानपुर नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के कब्जे से 311.04 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई हैं। गिरफ्तारी पढ़ोरी अंडरपास के पास सर्राफा व्यापारी की निशानदेही और सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के विरुद्ध कानपुर नगर में भी चोरी के कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मौदहा पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button