श्रावण मास में भक्ति और सेवा का संगम: विजय झा ने नंदी सेवा ट्रस्ट को भेंट किया फ़ाइबर निर्मित नंदी महाराज

सुलतानगंज (बांका) — श्रावण मास के पावन अवसर पर काँवरियों की सेवा में समर्पित राजावाड़ा सेवा शिविर में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पूर्व वियाडा अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी विजय झा ने नंदी सेवा ट्रस्ट को एक अनूठा उपहार प्रदान किया।
विजय झा ने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शिवानी झा, सामाजिक कार्यकर्ता गौतम मंडल के साथ मिलकर फ़ाइबर से निर्मित सुंदर नंदी महाराज की प्रतिमा को ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र यादव को भेंट किया।
इस अवसर पर पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान भोलेनाथ और नंदी महाराज का विधिवत दर्शन कर सभी ने श्रावण मास की महत्ता को रेखांकित किया। विजय झा ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए नंदी सेवा ट्रस्ट की टीम को उनके सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।
सेवा शिविर में श्रद्धालु कांवरियों के लिए कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो श्रावण मास में उनकी कठिन यात्रा को सहज बनाने में सहायक हो रही हैं।
इस पुनीत अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं और ट्रस्ट सदस्यों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

Subscribe to my channel