
गया (बिहार):
गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार देर रात एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची का शव वन विभाग की नर्सरी में बने खंडहरनुमा शौचालय से बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
![]()
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ पीपरघटी बाजार दवाई लेने गई थी। बड़ी बहन लौट आई, लेकिन बच्ची नहीं लौटी। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। देर रात वन विभाग के नर्सरी परिसर में स्थित खंडहरनुमा शौचालय में बच्ची का शव मिला। गले में गमछा बंधा था और शरीर पर खून के निशान थे।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
13 वर्षीय नाबालिग हिरासत में
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के ही 13 वर्षीय एक किशोर को हिरासत में लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी बच्ची को पहले भी परेशान करता था। आरोपी का पैंट और टी-शर्ट जब्त कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने पीड़ित बच्ची के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



Subscribe to my channel