बिहार
Trending

पटना के मेफेयर होटल में भीषण आग, 19 में से 13 लोगों को बचाया गया

पटना के मेफेयर होटल में भीषण आग, 19 में से 13 लोगों की जान बचाई गई, 3 ने लगाई खिड़की से छलांग

पटना | कोतवाली थाना क्षेत्र: राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे के पास स्थित पांच मंजिला मेफेयर होटल में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। घटना के वक्त होटल में 18 से 19 लोग मौजूद थे। आग होटल के ग्राउंड फ्लोर से शुरू होकर तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे पूरे होटल में हड़कंप मच गया।

हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल

सोते हुए लोगों की नींद धुएं के कारण खुली। आग तेजी से फैलने लगी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। 5 से 6 लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बाकी लोग होटल के अंदर फंस गए।

दमकल की 25 गाड़ियों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि 3 लोगों ने खिड़की से छलांग लगाकर जान बचाई। इनमें से एक युवक की कमर में गंभीर चोट आई है, जिसे पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही

जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार नट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग का कारण बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। होटल में सिर्फ एक सीढ़ी थी, जो आगे की ओर खुलती थी, जिससे आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने में भारी कठिनाई हुई।

दमकल विभाग ने होटल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है और सुरक्षा मानकों की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

गौरतलब है कि पटना में इससे पहले स्टेशन गोलंबर के पास पाल होटल में लगी आग में आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई थी। दोनों घटनाओं में सुरक्षा उपायों की घोर अनदेखी देखने को मिली है।

प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने फिर से प्रशासन और दमकल विभाग की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो कई बार जांच के बाद भी सिर्फ नोटिस भेजने तक सीमित रह जाती है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button