बिहार

7039 महिलाओं समेत 20,106 लाभुकों को 100.53 करोड़ रुपये की मदद

बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत 100.53 करोड़ रुपये की पहली किस्त वितरित, 7039 महिलाएं लाभान्वित

बिहार सरकार द्वारा संचालित लघु उद्यमी योजना के तहत मंगलवार को राजधानी पटना स्थित अधिवेशन भवन में 20,106 लाभुकों को 100.53 करोड़ रुपये की राशि प्रथम किस्त के रूप में वितरित की गई। प्रत्येक लाभुक को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जिसमें 7039 महिलाएं भी शामिल रहीं।

यह योजना वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए है, जिसका उद्देश्य राज्य के युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर आयोजित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने योजना को राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति की रीढ़ बताया।

उद्योग मंत्री ने बताया कि यह योजना जाति आधारित गणना में चिह्नित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए शुरू की गई है। इसके अंतर्गत चयनित लाभुकों को दो लाख रुपये तक की अनुदान राशि तीन किस्तों में दी जाती है। इस बार की पहली किस्त का वितरण उन्हीं लाभुकों को किया गया है जिन्होंने तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

योजना के प्रमुख बिंदु:

  • योजना का लाभ वही व्यक्ति उठा सकते हैं जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच हो और पारिवारिक आय वार्षिक 72,000 रुपये से कम हो।

  • लाभुकों को 61 चिन्हित परियोजनाओं में से किसी एक का चयन करना होता है।

  • उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान द्वारा लाभुकों को प्रशिक्षण दिया जाता है।

  • इस वित्तीय वर्ष में उद्यमी पोर्टल पर कुल 2,32,900 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 59,901 का औपबंधिक चयन किया गया है।

  • 11,980 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।

  • प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके 20,106 लाभुकों को पहली किस्त की राशि दी गई है।

इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर योग्य व्यक्ति को व्यवसायिक आधार पर सहायता दी जाए जिससे वे रोजगार प्रदाता बनें और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button