Chhattisgarh News सक्ती के सेंदुरस डबल मर्डर केस का खुलासा: पति-पत्नी की हत्या कर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
2024 के मुक्ता दोहरे हत्याकांड का भी निकला राज; सराफा व्यापारी समेत तीन गिरफ्तार, सोना-नकदी और हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद,,, सक्ती जिले में पति-पत्नी की निर्मम हत्या और लूट की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि यही दोनों आरोपी जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी शामिल थे। मामले में लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले जैजैपुर के एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, गला हुआ सोना, नकदी, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये का माल बरामद किया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस का है। जांच के दौरान घटनास्थल से गायब मृतक के मोबाइल फोन को साइबर सर्विलांस पर रखा गया। मोबाइल टावर डंप और कॉल डिटेल विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा के आसपास मिली। पुलिस ने पलगड़ा स्थित जायसवाल ढाबा से देवकुमार यादव (33 वर्ष) निवासी पंडरीपानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40 वर्ष) निवासी पंडरीपानी के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रूपचरण यादव को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई। वारदात की रात आरोपियों ने स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और सो रहे दंपती के सिर एवं चेहरे पर लोहे की मोटी रॉड से कई वार किए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने मृतका के गले और नाक से सोने के आभूषण लूट लिए तथा घर की तलाशी लेकर नकदी और मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी रूपचरण यादव के घर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए। वहीं जांच में पता चला कि आरोपी रूपचरण ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू (50 वर्ष) को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू के घर से मृतका के लूटे गए आभूषण बरामद कर उसे भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस पूरे मामले को सुलझाने में सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और साइबर तकनीकी विश्लेषण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




Subscribe to my channel