बिहार
Trending

पटना मेट्रो को मिली रफ्तार: अगस्त 2025 से चलेगी मेट्रो, DMRC संभालेगा संचालन

पटना मेट्रो पर बड़ी घोषणा: अगस्त 2025 से चलेगी मेट्रो, DMRC को सौंपी गई जिम्मेदारी

पटना: बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो संचालन को लेकर एक बड़ी घोषणा हुई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बताया कि पटना मेट्रो परियोजना के तहत बनाए जा रहे प्रायोरिटी कॉरिडोर का संचालन और रखरखाव दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (DMRC) को सौंपा जाएगा। यह कदम पटना को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

15 अगस्त 2025 से मार्च 2028 तक संचालन का प्लान

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अगस्त 2025 से मार्च 2028 तक के लिए इस संचालन और रखरखाव पर कुल 179.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह खर्च सर्विस टैक्स को छोड़कर है।

किराए पर चलेगी पुणे मेट्रो की ट्रेन

पटना मेट्रो के लिए 3-कार की एक सिंगल ट्रेनसेट किराए पर ली जाएगी, जो पुणे मेट्रो के लिए बनाई गई है। यह ट्रेन पहले से ऑनबोर्ड सिग्नलिंग सिस्टम से लैस है। सम्राट चौधरी ने बताया कि ट्रेन खरीदने की बजाय उसे किराए पर लेना अधिक किफायती और तकनीकी रूप से व्यावहारिक विकल्प है।

ट्रेनसेट पर 21.15 करोड़ का खर्च

ट्रेनसेट के किराए और संपूर्ण रखरखाव पर 13.25 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। वहीं, परिवहन, बीमा और RDSO अनुमोदन जैसे अन्य खर्चों पर 7.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह कुल अनुमानित व्यय 21.15 करोड़ रुपये होगा।

यातायात, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना पटना की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सफर का समय कम होगा। इसके अलावा इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पटना मेट्रो परियोजना राजधानी के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है, जो आने वाले समय में शहर की तस्वीर बदल सकती है।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button