बिहार
Trending

बिहार पंचायत उपचुनाव 2025: 403 पदों के परिणाम घोषित, पहली बार OCR तकनीक से हुई पारदर्शी मतगणना

बिहार पंचायत उपचुनाव 2025: 403 पदों के परिणाम घोषित, पहली बार OCR तकनीक से हुई पारदर्शी मतगणना

पटना। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार देर शाम त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव 2025 के नतीजों की घोषणा कर दी। प्रदेश भर के 38 जिलों में कुल 403 पदों पर हुए चुनाव में 221 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती हुई। इस बार मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह OCR (ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन) तकनीक के जरिए अंजाम दिया गया, जिससे यह उपचुनाव तकनीकी पारदर्शिता की दृष्टि से ऐतिहासिक बन गया।

घोषित परिणामों के अनुसार, पंचायत सदस्य के 174, पंच के 36, मुखिया के 61, पंचायत समिति सदस्य के 56, सरपंच के 70 और जिला परिषद सदस्य के 6 पदों पर विजेताओं का चयन हुआ है। कुल 403 पदों के लिए 694 पुरुष और 555 महिलाएं मैदान में थीं, जिनमें से 207 पुरुष और 176 महिलाएं विजयी घोषित हुईं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. दीपक प्रसाद ने जानकारी दी कि इस उपचुनाव में 41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना की पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए इस बार पहली बार शत-प्रतिशत AI-सक्षम OCR तकनीक का प्रयोग किया गया। प्रत्येक ईवीएम कंट्रोल यूनिट की स्क्रीन को हाई-रेजोल्यूशन वेबकैम से रिकॉर्ड किया गया। कैमरा रीयल टाइम में स्क्रीन पर दिख रहे प्रत्याशियों को मिले मतों की रिकॉर्डिंग करता है, जो सुरक्षित सर्वर पर अपलोड होती है।

इसके बाद OCR सॉफ्टवेयर स्वतः ही आंकड़ों को पढ़कर पूर्व निर्धारित फॉर्मेट में परिणाम तैयार करता है, जो पीडीएफ दस्तावेज के रूप में संग्रहित और साझा किया जाता है। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप नहीं होता, जिससे न सिर्फ गिनती में त्रुटियां समाप्त होती हैं, बल्कि प्रत्येक मत की सटीकता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होती है।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में मतगणना को लेकर अक्सर विवाद और आपत्तियां देखने को मिलती थीं, लेकिन OCR तकनीक ने इस बार उन सभी आशंकाओं को दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह देश में पहली बार हुआ है, जब किसी पंचायत चुनाव में इस तरह की तकनीकी पहल को पूरी तरह लागू किया गया हो।

 

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button