बिहार: सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी से लाभार्थियों में खुशी की लहर, कहा- “मुख्यमंत्री ने निभाया बेटे का फर्ज”

बिहार: सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी से लाभार्थियों में खुशी की लहर, कहा- “मुख्यमंत्री ने निभाया बेटे का फर्ज”

बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि में की गई बढ़ोतरी से प्रदेशभर में लाभार्थियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। पहले जहां विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के रूप में केवल 400 रुपये प्रति माह मिलते थे, अब यह बढ़कर 1100 रुपये हो गया है। पति-पत्नी दोनों लाभार्थी होने पर यह राशि 2200 रुपये प्रति माह तक पहुंच गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत पेंशन वितरण समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
बोधगया की मोना देवी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु काफी पहले हो चुकी है और वे पहले सिर्फ 400 रुपये की विधवा पेंशन पर निर्भर थीं। अब 1100 रुपये मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा, “अब मेरी दवा और खाना दोनों ठीक से हो पाएंगे। मुख्यमंत्री जी ने पेंशन बढ़ाकर बेटे जैसा फर्ज निभाया है।”
उनकी पड़ोस में रहने वाले वृद्ध दंपत्ति ने कहा कि अब उन्हें हर महीने 2200 रुपये मिलेंगे। पहले बेटा साथ नहीं देता था, लेकिन अब सरकार ने उनके बुढ़ापे की लाठी थाम ली है।
पूर्णिया जिले की रीता देवी, जो 2013 से विधवा पेंशन का लाभ ले रही हैं, ने कहा, “महंगाई के कारण गुजारा मुश्किल था। अब बढ़ी हुई राशि से बच्चे की पढ़ाई और घर चलाना आसान होगा। मुख्यमंत्री का धन्यवाद करती हूं।”
नालंदा की पुष्पा कुमारी ने कहा कि यह बढ़ोतरी किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा चलाई गई साइकिल योजना, पोशाक योजना, नल का जल, शौचालय निर्माण, पक्की सड़क जैसी योजनाओं को भी गरीबों के लिए मील का पत्थर बताया।
भोजपुर की प्रभावती देवी ने कहा कि पेंशन की इस बढ़ोतरी ने उन्हें मानसिक शांति दी है। उन्होंने कहा, “अब हर महीने पति-पत्नी को 2200 रुपये मिलेंगे, जिससे जिंदगी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देती हूं कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें।”
बिहार सरकार की इस पहल को प्रदेश भर में सराहा जा रहा है। गरीब, विधवा, असहाय और वृद्धजन इसे एक संवेदनशील और मानवीय निर्णय मान रहे हैं, जो उनके जीवन को संबल देने वाला है।



Subscribe to my channel