बिहार
Trending

पटना में बालू कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, गांव में फैली सनसनी – 15 साल पहले पिता की भी ली गई थी जान

पटना में बालू कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, गांव में फैली सनसनी – 15 साल पहले पिता की भी ली गई थी जान

पालीगंज (पटना):


बिहार में चुनाव नजदीक आते ही अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। राजधानी पटना से सटे पालीगंज के रानी तालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत धाना गांव में गुरुवार की शाम बालू कारोबारी रमाकांत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब रमाकांत अपने खलिहान में टहल रहे थे। तभी अचानक कुछ अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छाती में दो गोलियां लगते ही रमाकांत जमीन पर गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में बिहटा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

15 साल पहले पिता की भी हो चुकी है हत्या
रमाकांत यादव के भतीजे और गांव के वर्तमान मुखिया राहुल कुमार ने बताया कि उनके पिताजी उमाकांत यादव की भी 15 साल पहले अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब रमाकांत की हत्या से परिवार एक बार फिर गहरे सदमे में है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस कर रही छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही रानी तालाब थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी का प्रतीत होता है, हालांकि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस टीम हत्यारों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

इलाके में फैली दहशत
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से धाना गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button