समाहरणालय में लिपिकों को लेखा परीक्षा पर विशेष प्रशिक्षण, प्रोन्नति से जुड़ी अहम कड़ी
धनबाद समाहरणालय में शनिवार को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के निम्न वर्गीय लिपिकों को लेखा परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
उपायुक्त श्री रंजन ने बताया कि विभागीय लेखा परीक्षा उत्तीर्ण करना उच्च वर्गीय लिपिक पद पर प्रोन्नति के लिए अनिवार्य शर्त है। ऐसे में लिपिकों को परीक्षा के पहले आवश्यक प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी है, ताकि वे परीक्षा में सफल हो सकें।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न अनुभवी अधिकारियों ने अलग-अलग विषयों पर जानकारी साझा की।
पेंशन संबंधी प्रशिक्षण श्री पंकज कुमार वर्मा (राज्य-कर पदाधिकारी, अन्वेषण ब्यूरो, धनबाद प्रमंडल) द्वारा दिया गया।
बजट विषय पर श्री डी.एन. रॉय (सहायक आयुक्त, नागरीय अंचल) ने प्रशिक्षण दिया।
बिल प्रक्रिया की जानकारी श्री पंकज कुमार (कोषागार पदाधिकारी) ने दी।
वित्तीय नियमावली पर श्री नारायण राम (कार्यपालक दंडाधिकारी) ने व्याख्यान प्रस्तुत किया।
प्रशिक्षण का अगला चरण सोमवार को आयोजित होगा, जिसमें बोर्ड प्रकीर्ण नियमावली, सेवा शर्तें, सामान्य भविष्य निधि (GPF), तथा यात्रा भत्ता से संबंधित विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके बाद लिपिकों की परीक्षा ली जाएगी, जो उनकी पदोन्नति प्रक्रिया का महत्वपूर्ण भाग होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागी लिपिकों ने सक्रिय रुचि दिखाई और इसे अपने करियर विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।