Jharkhand News : धनबाद: भारी बारिश में FCI के रेलवे यार्ड में रखा हजारों बोरी चावल भीगा, सवालों के घेरे में प्रबंधन

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पाण्डेय धनबाद झारखंड
धनबाद में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल कर रख दी। बरमसिया स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) के रेलवे यार्ड में खुले आसमान के नीचे रखे गए चावल की हजारों बोरियां बारिश में भीग गईं।
मौसम विभाग द्वारा पहले से ही भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था, बावजूद इसके चावल को ढंकने या सुरक्षित रखने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। प्लास्टिक कवर की कमी के कारण सैकड़ों बोरी चावल पानी में भीग गए हैं, जिससे उनके खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि यह चावल गरीबों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को वितरित किया जाता है। ऐसे में अनाज की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि FCI की यह लापरवाही सीधे तौर पर गरीबों और बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। जब इस विषय में FCI प्रबंधक से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
अब सवाल यह है कि मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद अनाज की सुरक्षा को लेकर गंभीरता क्यों नहीं दिखाई गई? इस लापरवाही का जिम्मेदार आखिर कौन होगा?

Subscribe to my channel