Uttar Pradesh News : डेढ़ लाख रुपये के कर्ज के बदले हड़पी डेढ़ करोड़ की जमीन पांच लोगों पर एफआईआर

ब्यूरो चीफ शहंशाह बरेली उत्तर प्रदेश
बरेली, – डेढ़ लाख रुपये के कर्ज के बदले डेढ़ करोड़ की जमीन हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर थाना कैंट पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव कांधरपुर निवासी भाग्यवती ने बताया कि उनके पति राम दुलारे ने वर्ष 2018 में गांव के ओमप्रकाश कश्यप उर्फ छंगा से डेढ़ लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। वह हर माह 7500 रुपये ब्याज देते रहे। जब उधार ली गई पूरी रकम को वापस करना चाहा, तो ओमप्रकाश और उसके सहयोगी प्रेमपाल, जगदीश, भूदेव, नन्हें उर्फ ओमप्रकाश कहने लगे कि अपनी जमीन का बैनामा करो। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कैंट पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि थाने में ओमप्रकाश ने दरोगा से कहा कि उसने डेढ़ नहीं, बल्कि 12 लाख रुपये उधार दिया है। इस मामले में राम दुलारे की ओर से आरोपितों के खिलाफ 26 नवंबर 2018 को कोर्ट में वाद दायर किया गया। इसी बीच 20 अप्रैल 2020 को राम दुलारे की मौत हो गई। थाने की जांच रिपोर्ट के आधार पर वाद खारिज कर दिया गया।
उसके बाद राम दुलारे की पत्नी भाग्यवती ने पुनरीक्षण याचिका सत्र न्यायालय में दायर की। जनवरी 2019 में प्रेमपाल ने राम दुलारे के नाम से एक फर्जी पॉवर ऑफ एटॉर्नी तैयार कर उसकी कृषि भूमि को अपने नाम करा लिया। इसके बाद 55 लाख में बैनामा ओमप्रकाश को करा दिया। आरोप है कि भूदेव आंवला के पूर्व सांसद धमेंद्र कश्यप का भाई है।
भाग्यवती का आरोप है कि उसका एक मकान थाना इज्जतनगर क्षेत्र में कृष्णानगर कॉलोनी के रोड नंबर 7 पर स्थित है। जिसमें आरोपी नन्हे उर्फ ओम प्रकाश निवासी कांधरपुर थाना कैंट ने उसे डरा धमका कर घर से भगाकर कब्जा कर लिया है। पीड़िता अपनी दो छोटी-छोटी पुत्रियों के साथ इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर में किराए पर रहकर घरों में काम करके गुजारा कर रही हैं।

Subscribe to my channel