Rajasthan News स्वच्छता जागरूकता रैली व NSS के स्थापना दिवस का आयोजन”

ब्यूरो चीफ कपिल देव शर्मा नीमकाथाना राजस्थान
स्थानीय सेठ नन्द किशोर पटवारी राजकीय महाविद्यालय, नीमकाथाना में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाईयों के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़े के तहत ‘स्वच्छता जागरूकता रैली’ का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. सन्तोष कुमार वर्मा ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर महाविद्यालय से रवाना किया। रैली महाविद्यालय से प्रारम्भ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए खेतड़ी मोड़, सब्जी मंडी व अन्त में बस स्टेण्ड पहुँची। बस स्टेण्ड पर स्वयंसेवकों ने सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र किया व आमजन को स्वच्छता का महत्व बताते हुए उसे अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने का संदेश दिया। स्वच्छता सिर्फ विचारों में ही ना हो बल्कि संस्कारों में भी परिलक्षित हो सके इसके लिए हमें जरूरत है कि इसे हम अपने घर से शुरूआत करें। आस-पड़ौस को इस अभियान में शामिल, करते हुए समाज व देश को स्वच्छ बनाने का निरन्तर प्रयास करते रहें। तत्पश्चात रैली का समापन महाविद्यालय में हुआ,
साथ ही सभी स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में सफाई कार्य कर श्रमदान किया। कार्यक्रम के दूसरे भाग में स्वयंसेवकों के साथ सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। एन.एस.एस. के संयोजक डॉ. अवधेश शर्मा अनिल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के ध्येय वाक्य “स्वयं से पहले आप” की अवधारणा को सारगर्भित तरीके से प्रस्तुत किया। साथ ही सभी स्वयंसेवकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का व्यक्तिगत जीवन व सामाजिक वातावरण व पर्यावरण पर होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया व विद्यार्थियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग स्वास्थ्यपरक परिणामों की वजह से उपयोग नहीं करने के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मनीषा ने कहा कि स्वच्छता को व्यावहारिक जीवन में उतारने व समाज को जागरूक कर इस अभियान को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की भूमिका अहम हो जाती है। कार्यक्रम के समापन से पहले स्वच्छता जागरूकता विषय पर ‘पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम स्थान छात्रा अंतिमा बी.ए. द्वितीय वर्ष, द्वितीय स्थान पर लिकांक्षा सैनी व मान्यता शर्मा बी.ए. प्रथम वर्ष एवं तृतीय स्थान पर अंशु तंवर बी.ए. प्रथम वर्ष रही। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अनिल कुमार शर्मा ने किया। डॉ. लोकेश कुमार सोनी ने अन्त में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अन्य संकाय सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel