Madhya Pradesh News बच्चों के मुँह का निवाला कहीं नहीं जाना चाहिये तालाबों और गौचर की भूमि तत्काल अतिक्रमण मुक्त करायें।
संसदीय क्षेत्र को मॉडल के रूप में विकसित किया जाये। केन्द्रीय मंत्री ने जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं का किया निराकरण

ब्यूरे चीफ मुहम्मद ख्वाजा टीकमगढ़ मध्य प्रदेश
केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष टीकमगढ़ में जन चौपाल लगाकर नागरिकों की समस्याओं को सुना तथा निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री विवेक चतुर्वेदी, श्री अनुराग वर्मा, श्री अमित नुना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री पीएस चौहान, एसडीएम टीकमगढ़ संजय कुमार दुबे, एसडीएम बल्देवगढ़ भारती देवी मिश्रा, जतारा एसडीएम श्री शैलेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जनचौपाल के दौरान केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने आमजन की समस्याओं को सुनकर निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिरिक्त 50 सीटर कन्या छात्रावास बनाने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजें। उन्होंने जन औषधि केंद्र का स्थान परिवर्तन करके प्रथम तल पर कराने के निर्देश दिये, जिससे वृर्द्धजनांे और दिव्यांगजनों को औषधि केन्द्र पहुँचने में कठिनाई नहीं हो। उन्होंने निर्देशित किया कि नये बस स्टैंड से सागर बायपास रोड पर लाइट की व्यवस्था के साथ प्रतीक्षालय बनवायें। अवैध कालोनियों के सम्बंध में कार्यवाही की जाये, जिससे कालोनियों के कारण जल निकासी अवरुद्ध न हो और शहर में जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि जहाँ भी निर्माण कार्य जनहित में हो रहा हो वहां तुरंत ऐसे कार्यों को पूर्ण करायें। उन्होंने निर्देशित किया कि तालाबों की भूमि पर जहाँ भी अतिक्रमण है उस पर सख्ती से कार्यवाही करते हुए तुरंत अतिक्रमण मुक्त करायें। विद्यालयों में खाद्यान्न वितरण प्रतिदिन करवाना सुनिश्चित करवायंे। उन्होंने गणेशगंज में विद्युत लाइन डलवाने के निर्देश दिये। उन्होंने गौचर भूमियों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने पूरे जिले के विद्यालयों के राशन वितरण की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि बच्चों के मुँह का निवाला कहीं नहीं जाना चाहिये।
केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने अधिकारियों से कहा कि समाज व जनता की यही अपेक्षा होती है कि उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण हो सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से कहा कि हमारे पास जो भी व्यक्ति आता है तो स्वयं को उस व्यक्ति के स्थान पर रखकर सोचना चाहिये, ताकि सहानभूति से निराकरण हो सके।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मेरे 29 वर्ष के राजनैतिक जीवन में मेरा कोई व्यक्तिगत कार्य नहीं रहा है, आप अच्छे से समाज के लिये कार्य करें, मैं हमेशा आप के साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी अपेक्षा यही है कि इतने वर्षाें से मैं क्षेत्र के लिये कार्य कर रहा हूं और मैं चाहता हूं कि अपने संसदीय क्षेत्र को मॉडल के रूप में विकसित किया जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि जनचौपाल के दौरान प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर आवेदकों को सूचित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि विकासखंड स्तर के अधिकारी विकासखंड पर ही समस्याओं का निराकरण करायें, ताकि जनता की समस्याओं का तुरंत निराकरण हो सके।
Subscribe to my channel