छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़

Chhattisgarh News कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व शहीद परिवार के सदस्यों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को किया नमन

 इस वर्ष शहीद हुए राज्य व केन्द्रीय पुलिस इकाइयों के 188 जवानों का नाम वाचन किया गया

रिपोर्टर राकेश कुमार साहू जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा 21 अक्टूबर 2023/ कर्तव्य निर्वहन के दौरान मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले देशभर के समस्त राज्यों, केन्द्रीय एवं अन्य पुलिस ईकाइयों के शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती श्री एम.आर आहिरे सहित अधिकारियों व शहीद परिवार के सदस्यों ने पुलिस स्मारक में पुष्पचक्र अर्पित किया। शहीद दिवस परेड में पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के आगमन पर परेड द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद पाल वियरर्स पार्टी द्वारा शहीदों की सूची पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई। पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने बताया कि आज का दिन उन पुलिस जवानों की स्मृति में मनाया जाता है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए देश के लिए शहादत दी। सर्वप्रथम 21 अक्टूबर 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रींग नामक स्थान पर भारतीय केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने कम संख्या में होते हुए भी एम्बुश लगाकर हमला करने वाले चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया, जिसमें 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। उनके पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए देश भर में प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। हमारा कर्तव्य है कि हम हमेशा अपने शहीद जवानों की याद अपने मन में बनाये रखें और कर्तव्य निर्वहन में उनके द्वारा डाली गई परंपरा को निभाएं। उन्होंने एक सितम्बर 2022 से 31 अगस्त 2023 तक कर्तव्य के पालन में शहीद हुए 188 जवानों के नाम का वाचन किया। साथ ही विभिन्न अवधि में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए जांजगीर-चांपा व सक्ती जिले के पुलिस जवानों के नाम का भी वाचन किया। तदुपरांत शहीदों को सलामी, शोक शस्त्र परेड कमांडर श्री प्रदीप जोशी रक्षित निरीक्षक द्वारा कराया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एस पी वैद्य, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर के खुंटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी सहित अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस के जवान, शहीदों के परिजन उपस्थित थे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button