नैनीताल उत्तराखंड नववर्ष के लिए सैलानियों के इंतजार में होटल कारोबारी

रिपोर्टर कपिल सक्सैना नैनीताल उत्तराखंड
भीमताल (नैनीताल)। वर्षांत के लिए देश-दुनिया में तैयारियां की जा रही हैं। वहीं भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, रामगढ़, भवाली और मुक्तेश्वर के होटल और होम स्टे संचालक सैलानियों की बुकिंग नहीं होने से मायूस नजर आ रहे हैं। अभी तक सैलानियों की 50 फीसदी ही बुकिंग हुई है। इसके चलते पर्यटन कारोबारी वर्षांत को लेकर चिंतित हैं। होटल कारोबारी कोविड और मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की धुंध के चलते हो रही ठंड को सैलानियों की ओर से बुकिंग नहीं कराने की वजह मान रहे हैं। वहीं कई सैलानियों ने होटल और होम स्टे से अपनी बुकिंग कैंसिल करा दी है। दो साल बाद इस बार कारोबारियों को सैलानियों की आवाजाही होने से कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद थी।

वर्षांत को लेकर अभी तक होटल में 50 प्रतिशत ही बुकिंग हो पाई है। कोविड और मौसम के बदलते रुख के चलते भी सैलानी बुकिंग करने में सोच रहे हैं। हमने वर्षांत को लेकर पूरी तैयारी की हुई है। – रवि जोशी, जीएम मीराक होटल, भीमताल
होटल में अभी तक 40 फीसदी सैलानियों ने ही बुकिंग कराई है। हमने सोचा था कि वर्षांत पर कारोबार अच्छा रहेगा लेकिन लगता है कोविड के चलते सैलानी पर्वतीय क्षेत्रों की ओर कम रुख कर रहे हैं। – विजय कुमार झा, जीएम पाइन क्रिस्ट होटल, मेहरागांव
– इस बार सोचा था कि सैलानियों के आने से कारोबार अच्छा रहेगा। लेकिन अभी तक 30 प्रतिशत भी बुकिंग सैलानियों की नहीं हो पाई है और पूर्व में जो बुकिंग हुई थी वो भी कैंसिल हो गई थी। – मयंक बिष्ट, संचालक माकोट हिल ईको कैंप, कलाखेत
मुक्तेश्वर क्षेत्र में थर्टी फर्स्ट को लेकर 70 प्रतिशत बुकिंग हुई है। सैलानियों ने कुछ बुकिंग ठंड के चलते कैंसिल की है। लेकिन उम्मीद है की थर्टी फर्स्ट तक शत प्रतिशत बुकिंग से पर्यटन कारोबार अच्छा रहेगा। – दीपक बिष्ट, सचिव होटल एसोसिएशन मुक्तेश्वर

Subscribe to my channel