रिजर्व पुलिस लाइन गोंडा में लगा ‘वामा वेलनेस कैम्प’, पुलिसकर्मियों व परिजनों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में लगा ‘वामा वेलनेस कैम्प’, पुलिसकर्मियों व परिजनों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

गोण्डा । रिजर्व पुलिस लाइन गोंडा में रविवार को वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन किया गया। यह शिविर वामा सारथी की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल के निर्देशन में अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल, टाटा 1एमजी, आयुष विभाग उत्तर प्रदेश एवं स्थानीय चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से आयोजित हुआ।
सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना था, ताकि व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच भी वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकें।
शिविर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, डॉ. तनु श्रीवास्तव एवं फार्मासिस्ट डॉ. नन्कू सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डायटीशियन ने संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव दिए, जबकि फिजियोथेरेपिस्ट ने लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान होने वाली कमर, गर्दन और मांसपेशियों की समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण भी किया गया।
शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर के साथ-साथ शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन एवं थायरॉइड प्रोफाइल जैसी विभिन्न पैथोलॉजी जांचें रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन इस स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel