IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, 50 मीटर तक घिसटती रही बाइक

ब्यूरो चीफ सूरज मथुरा उत्तर प्रदेश

गोवर्धन (मथुरा): क्षेत्र के गांव आन्यौर के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी थार चालक और उसका साथी गाड़ी छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, आगरा जिले के थाना कागारौल अंतर्गत गांव मनकेड़ा निवासी पवन (पुत्र श्री भगवान) अपने रिश्तेदार (गोवर्धन के गांव आन्यौर में रहने वाली बुआ) की तेरहवीं के संस्कार में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल (HR 24 N 8326) से वापस अपने घर मनकेड़ा लौट रहे थे।

जैसे ही वह सड़क पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार थार (UP 85 CM 8234) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई। थार चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी भगाने का प्रयास किया, जिससे बाइक लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। जब थार आगे बढ़ने में असमर्थ हो गई और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ने लगे, तो उसमें सवार दोनों युवक गाड़ी छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकले।

हादसे में पवन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस और गोवर्धन थाना अध्यक्ष विनय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद से क्षेत्र में भारी शोक का माहौल है। गुस्साए ग्रामीणों ने कट पर हादसों को रोकने के लिए तुरंत स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button