Jharkhand New : तेतुलमुड़ी पैच में हिलटॉप का काम खत्म, बकाया वेतन-बोनस को लेकर कर्मियों ने रोके वाहन
तीन माह 12 दिन के वेतन व बोनस की मांग पर अड़े कर्मी, माइंस से वाहन ले जाने का किया विरोध

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
कतरास। मोदीडीह कोलियरी के तेतुलमुड़ी आउटसोर्सिंग उत्खनन परियोजना पैच में कोयला उत्पादन का काम कर रही हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सोमवार को भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कंपनी प्रबंधन जब माइंस में मौजूद वाहनों को वहां से ले जाने पहुंचा, तो कर्मियों ने इसका विरोध करते हुए वाहनों को रोक दिया। कर्मियों का कहना था कि कंपनी की ओर से उनका तीन माह 12 दिन का बकाया वेतन और बोनस अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक माइंस से वाहनों को बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
वहीं, कंपनी प्रबंधन ने कर्मियों के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि कर्मचारियों का वेतन बकाया नहीं है। बोनस की जो राशि लंबित है, उसका भुगतान नियमानुसार कर दिया जाएगा। विवाद की सूचना मिलने के बाद जोगता और लोयाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कर्मियों और कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। समझाने-बुझाने के बाद मौके पर तनाव कम हुआ। इस संबंध में मोदीडीह कोलियरी के पीओ संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि पूर्व में निविदा के माध्यम से तेतुलमुड़ी पैच में कोयला उत्पादन के लिए हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी को काम आवंटित किया गया था। कंपनी के साथ हुआ अनुबंध पांच वर्षों का था, जिसकी अवधि अगस्त माह में समाप्त हो गई।
पीओ के अनुसार, हिलटॉप का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब तेतुलमुड़ी पैच का संचालन विभागीय स्तर पर किया जा रहा है। कंपनी के वाहन और अन्य संसाधन हटाने की प्रक्रिया के दौरान ही कर्मचारियों ने बकाया भुगतान का मुद्दा उठाते हुए वाहनों को रोक दिया। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में मामले को शांत कराया गया है। कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बकाया भुगतान को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।




Subscribe to my channel