Uttar Pradesh News :बुंदेलखंड का 173 वर्ष पुराना ऐतिहासिक तीजा मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न
मनमोहक झांकियों ने मोहा हजारों लोगों का मन, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

रिपोर्टर लोटन प्रसाद हमीरपुर उत्तर प्रदेश
भरुआसुमेरपुर, हमीरपुर। बुंदेलखंड का सुप्रसिद्ध 173 वर्ष पुराना ऐतिहासिक तीजा मेला इस वर्ष भी हर्षोल्लास और उमंग के साथ संपन्न हुआ। मेले में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र शिवहरे उर्फ धीरू ने मनमोहक झांकियों की पूजा-अर्चना कर उन्हें प्रस्थान कराया। मेले में करीब 35 झांकियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इनमें द्रौपदी चीरहरण का जीवंत चित्रण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। झांकियों के साथ विभिन्न स्थानों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसका लोगों ने जमकर आनंद लिया।
पशु बाजार में झूलों और मनोरंजन के साधनों ने बढ़ाया उत्साह
मेले के पशु बाजार एवं बैलाही बाजार क्षेत्र में जलपरी, मिक्सर झूला, उड़न खटोला सहित दर्जनों मनोरंजन के साधन लगाए गए थे। इनका आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। विशाल भीड़ को देखते हुए पशु बाजार प्रबंधन एवं मेला कमेटी की ओर से सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था। कई थानों की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही, जिससे मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और दंगल भी आकर्षण का केंद्र
पशु बाजार प्रबंधन कमेटी की ओर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी झांसी के कलाकारों द्वारा दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कलाकारों ने अलग-अलग नाटकों के माध्यम से मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। मेले के दूसरे दिन विशाल दंगल का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से नामी-गिरामी पहलवान हिस्सा लेते हैं। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र शिवहरे उर्फ धीरू एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश आर्य के निर्देशन में रामलीला मैदान में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ऐतिहासिक तीजा मेले में उमड़ी भीड़ और आकर्षक झांकियों ने एक बार फिर बुंदेलखंड की लोक परंपरा, संस्कृति और धार्मिक आस्था की जीवंत झलक प्रस्तुत की।




Subscribe to my channel