Madhya Pradesh News :सेवा संकल्प अभियान में सभी विभाग प्रभावी गतिविधियां आयोजित करें : कलेक्टर
17 सितंबर को शाम 7 बजे खजुराहो के पश्चिमी के मंदिर समूह में होगा दीप प्रज्ज्वलन

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
रविवार को कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में टीएल बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 17 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान तथा स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अभियान के दौरान प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर को विशाल दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान का होगा शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे जिले में कुल 3 लाख दीयों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसका मुख्य आयोजन खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में होगा। इसके अलावा जिले के 10 आइकॉनिक स्थलों एवं कलेक्टर ने केन-बेतवा लिंक परियोजना की साइट एवं नहर निर्माण स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन करने के निर्देश दिए। एवं शासकीय योजनाओं के हितग्राही भी अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्षों की उपलब्धियों से जुड़े स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर को होगा निर्धारित स्वास्थ्य केन्द्रों पर मेगा रक्तदान शिविर
17 सितम्बर को निर्धारित स्वास्थ्य केन्द्रों पर मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने सीएमएचओ को मेडिकल टीम, रक्त संग्रहण एवं भंडारण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की।
विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं
19 से 26 सितम्बर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल एवं कॉलेजों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इसी प्रकार ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटक एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जुड़ी प्रेरक कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में माताओं-बच्चों को मिलेगा लाभ
26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत आंगनवाड़ियों में बच्चों एवं माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल सामग्री एवं पठन सामग्री सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक शासन की योजनाओं से हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की वास्तविक कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ में होंगी 25 गतिविधियां
‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत 25 विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृद्धाश्रम भ्रमण, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, योग-ध्यान सत्र, प्लास्टिक के प्रति जागरूकता, वृक्षारोपण सहित जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ आयोजित होगी। विभिन्न विधानसभाओं से यात्राएं निर्धारित मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचेंगी, जहां सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इसकी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छतरपुर में 22 से 24 सितंबर तक रहेंगी 10 टोलियां
‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत 10 टोलियां 22, 23 एवं 24 सितम्बर को छतरपुर जिले में प्रवास करेंगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को टोलियों के प्रवास एवं कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर मेगा शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
स्वामित्व अधिकार अभियान में रजिस्ट्री कार्य से पहले ई-केवाईसी में प्रगति बढ़ाने के निर्देश
17 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत भू-स्वामियों की लंबित ई-केवाईसी में प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान के दौरान भू-स्वामियों की रजिस्ट्री की कार्यवाही तेजी से पूरी की जा सके।
निर्देशों के बावजूद लंबित ई-केवाईसी में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर ईशानगर, घुवारा एवं छतरपुर नगर के तहसीलदारों का एक दिवस का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने रजिस्ट्री कार्य के लिए उपलब्ध वर्किंग स्टाफ की माइक्रोप्लानिंग करने के साथ ही निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए पंचायत भवन अथवा अन्य उपयुक्त स्थल पर बैठक व्यवस्था, विद्युत, इंटरनेट सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही कलेक्टर ने आगामी शुक्रवार के महाराजपुर में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान के शिविर हेतु आवश्यक तैयारियां भी सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।




Subscribe to my channel