Madhay Pradesh News : पंचायत उपचुनाव का बिगुल: रीवा जिले में 43 पदों पर होगा चुनाव, 29 सितंबर को मतदान

रिपोर्टर डी.के. पांडे रीवा, मध्य प्रदेश
रीवा। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत उपचुनाव-2026 की समय-सारणी जारी कर दी है। इसके साथ ही रीवा जिले के संबंधित पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जिले में 1 जनपद सदस्य, 4 सरपंच और 38 पंच सहित कुल 43 रिक्त पदों के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने तथा आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थी 15 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 16 सितंबर को होगी और 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसी दिन अंतिम अभ्यर्थी सूची जारी कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
जरूरत पड़ने पर 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। सरपंच और जनपद सदस्य पद के लिए ईवीएम से तथा पंच पद के लिए मतपत्र एवं मतपेटी से मतदान कराया जाएगा। पंच पद के मतों की गणना मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतदान केंद्र पर होगी, जबकि सरपंच एवं जनपद सदस्य के मतों की गणना 3 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालयों पर की जाएगी और परिणाम घोषित होंगे। पंच पदों का अंतिम सारणीकरण एवं परिणाम घोषणा 5 अक्टूबर को होगी। जिले में जनपद सदस्य का चुनाव रायपुर कर्चुलियान के वार्ड क्रमांक 15 में, जबकि सरपंच पद के लिए लोहदवार, टिकुरी नंबर 37, अतरैला-12 और हिनौता ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इसके अलावा रीवा, रायपुर कर्चुलियान, गंगेव, त्योंथर, जवा और सिरमौर जनपद पंचायतों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 38 पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।



Subscribe to my channel