Jharkhand News : रामकनाली की बंद खदान में अपराधियों का धावा, तीन कर्मियों को बंधक बनाकर कॉपर केबल लूटी
हथियारों से लैस 15-20 अपराधियों ने कर्मियों को धमकाया, ढाई सौ मीटर केबल काट ले गए

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद/कतरास। रामकनाली कोलियरी की बंद भूमिगत तीन नंबर खदान में बुधवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। करीब 15 से 20 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात तीन कर्मियों को कथित रूप से बंधक बनाकर कॉपर केबल काट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों का दल पंखाघर की ओर से खदान परिसर में दाखिल हुआ। प्रवेश के लिए पंखा घर में लगे रड को क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद अपराधियों ने वहां मौजूद माइनिंग सरदार संजय प्रसाद, गार्ड सोमर मांझी और लटन दास को घेर लिया।
कर्मियों के अनुसार, अपराधियों ने उनके कैंपलैंप अपने कब्जे में ले लिए और तीनों को एक स्थान पर बैठा दिया। इसके बाद वे कॉपर केबल काटने में जुट गए। कर्मियों का आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बताया गया कि अपराधियों के पास लाठी-डंडे, लोहे के रड, आरी और सब्बल जैसे औजार थे। करीब ढाई सौ मीटर कॉपर केबल काटने के बाद अपराधी उसी रास्ते से बाहर निकल गए। जाते समय वे कर्मियों के कैंपलैंप भी मौके पर फेंक गए।
केबल काटे जाने के कारण आसपास के इलाकों में पिट वाटर की आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी के सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार, सीनियर ओवरमैन राजेश मंडल, रामकनाली ओपी की पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार ने बताया कि सुबोध बाउरी नामक गार्ड को ऊपर तैनात किया गया था। अपराधी पंखाघर के रास्ते अंदर घुसे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की पहचान और लूटे गए केबल की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।



Subscribe to my channel